सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद। थाना टीलामोड़ पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की आर्टिफिशियल ज्वैलरी, दो मोबाइल फोन, 2400 रुपये नकद, तीन आधार/पैन कार्ड तथा दिल्ली के अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए चार अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को टीलामोड़ थाना क्षेत्र निवासी योगेश त्यागी ने शिकायत दी थी कि अज्ञात चोर उनके घर से मोबाइल फोन, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, 2400 रुपये नकद, आधार कार्ड और पैन कार्ड चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की थी।
पुलिस टीम ने 24 सितंबर को चेकिंग के दौरान घटना का खुलासा करते हुए सलमुद्दीन उर्फ मोनू पुत्र बाबू, निवासी इकबाल कॉलोनी, पसोंडा, थाना टीलामोड़, उम्र करीब 20 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों ने ईस्ट डिफेंस कॉलोनी स्थित एक मकान से दो मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी किया था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि बरामद किए गए अन्य कीपैड मोबाइल फोन दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ियों से चोरी किए गए थे। पुलिस के मुताबिक तीनों चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
आठ मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित आर्टिफिशियल ज्वैलरी, दो मोबाइल फोन, 2400 रुपये नकद, तीन आधार/पैन कार्ड तथा दिल्ली के अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) बढ़ाई गई है, जबकि चोरी के मोबाइल बरामद होने के संबंध में धारा 317(5) के तहत भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सलमुद्दीन के खिलाफ टीलामोड़ थाने में चोरी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा मसूरी थाने में उसके खिलाफ आयुध अधिनियम का भी एक मुकदमा दर्ज बताया गया है। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
