सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद। थाना कौशाम्बी पुलिस ने घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और 4640 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को अनील अधिरवार ने थाना कौशाम्बी में तहरीर देकर बताया था कि कनक नाम की महिला ने उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान महिला की चोरी में संलिप्तता सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चोरी की घटना में शामिल कनक (करीब 23 वर्ष) को वैशाली के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला ग्राम धनेली पलटू, थाना दिलारी, जनपद शाहजहांपुर की निवासी बताई गई है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने महिला के कब्जे से एक मंगलसूत्र, जिसमें काली मोती की माला में पीली धातु के दो लॉकेट हैं, एक अन्य मंगलसूत्र जिसमें एक पीली धातु का लॉकेट है, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल, दो जोड़ी सफेद धातु की बिछिया और 4640 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने बताया कि उसने करीब छह दिन पहले परिचित अनील अधिरवार के घर से आभूषण चोरी किए थे। उसके अनुसार, चोरी किए गए कुछ सामान को उसने राह चलते व्यक्ति को बेच दिया था और उससे मिले रुपयों में से बचे 4640 रुपये उसके पास थे। पुलिस का कहना है कि महिला इन आभूषणों को लेकर अपने ससुराल जाने की तैयारी में थी, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। महिला के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
