सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में कबाड़ बीनने वाले एक युवक से रंगदारी मांगने वाला हत्यारा बीती रात पुलिस के साथ हुई सशस्त्र मुठभेड़ में पुलिस की गोली से लंगड़ा हो गया है। मात्र 20 रुपये की रंगदारी नहीं देने पर कबाड़ी की चाकू से गोदकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी।पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र विक्रम एनक्लेव में एक चाकू बाजी की घटना हुई थी। जिसमें 23 साल के मुस्ताक निवासी विक्रम एंकलेव को समीर उर्फ गट्टू उम्र 20 साल निवासी थाना सीमापुरी क्षेत्र दिल्ली ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। लगातार इस घटना में फरार चल रहे समीर उर्फ गट्टू की तलाश में थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने कई टीम में बनाकर जगह-जगह तलाशी ली, उसकी लोकेशन का पता किया । बाद में मुखबिर की सूचना पर डीएवी कट के पास पुलिस ने चेकिंग कराई थी। तभी कद काठी के हिसाब से समीर उर्फ गट्टू होने की संभावना पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन उसने बाइक को तेजी से दौड़ा लिया और मोड करके सुनसान टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली में भागने लगा। पुलिस द्वारा उसका पीछा किया गया तो कूड़े के देर से टकराकर वह फिसल कर गिर गया। तभी पुलिस पार्टी वहां पहुंच गई और उसे समर्पण के लिए कहा। लेकिन उसने अपने आप को बचाने के लिए पुलिस की टीम पर फायर कर दिया। पुलिस द्वारा सुरक्षात्मक जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो समीर उर्फ गट्टू निवासी सीमापुरी दिल्ली की तलाशी से एक 315 बोर का एक तमंचा, जिंदा कारतूस ,खोखा और एक चाकू बरामद किया गया है। उसकी जेब से 700रुपये और एक तंबाकू का पैकेट मिला है। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में उसके खिलाफ तीन मुकद्दमे दर्ज बताए गए हैं।समीर उर्फ गुड्डू पुत्र एहसान न्यू सीमापुरी दिल्ली का निवासी है।
