दबाएँ →
सुनिए यह लेख
सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद। इंदिरापुरम,वैशाली की महिलाओं ने इंदिरापुरम के हैबिटेट सेंटर स्थित एक हॉल में हरियाली तीज पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर महिलाओं ने उमंग उत्साह और हर्षोल्लास से तीज मनाई।तीज्योत्सव पर 50 के करीब महिलाओं ने भाग लिया।आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, मित्रता और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी महिलाओं के स्वागत से हुई। आयोजन में शामिल महिलाओं का साधना, मीरा , प्रीति, हेमा,गीता आदी ने सुंदर उपहार और चॉकलेट देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत खुशी और अपनत्व के साथ हुई।
इस मौके पर महिलाओं के लिए तंबोला सहित अनेक मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। खेलों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हंसी-खुशी के बीच खूब मस्ती की। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा महिलाओं की शानदार प्रस्तुतियां रहीं। प्रतिभागियों ने विभिन्न फिल्मी एवं लोकप्रिय गीतों पर नृत्य, कॉमेडी और मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर सभी का भरपूर मनोरंजन किया। संगीत, नृत्य और ठहाकों से पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों और लक्की ड्रॉ के लिए उपहार एवं आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया।
तदुपरांत स्वादिष्ट एवं विविध व्यंजनों का स्वाद महिलाओं ने लिया। आपसी बातचीत और हंसी-मजाक ने इस खूबसूरत शाम को यादगार बना दिया।
इस आयोजन की एक विशेष बात यह रही कि इसमें “तीज क्वीन”जैसी कोई प्रतियोगिता नहीं रखी गई। कार्यक्रम की आयोजक शाल्वी गुप्ता,हेमा, निधि,निशा, सुकांति,मधु, सरोज,रेणुका थीं। सभी का मानना था कि इस उत्सव में शामिल प्रत्येक महिला अपने आप में खूबसूरत, विशेष और अनोखी है। इसलिए किसी एक को “तीज क्वीन” चुनने के बजाय हर महिला की सुंदरता, व्यक्तित्व और उत्साह का उत्सव मनाना अधिक महत्वपूर्ण है। इस विचार को सभी महिलाओं ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजक शाल्वी गुप्ता ने सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी आयोजन की सफलता उसकी सजावट या व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि उसमें शामिल लोगों की खुशी और सहभागिता से तय होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके उत्साह, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा ने इस तीज समारोह को वास्तव में यादगार और विशेष बना दिया। कार्यक्रम में भाग लेकर रेखा, रितु, शिल्पी, गीता, ऊषा, सुषमा,अर्चना, कल्पना, संचिता, अंजू, आशा,आभा, चित्रा, नीलम, पारुल, मोली,शालू , अनिता, नीरा, अर्कजा ,स्नेह एवं अन्य महिलाओं ने अपनी गरिमामई उपस्थिति से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
