सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद।थाना साहिबाबाद क्षेत्र की नीलमणि कॉलोनी नजदीक हज हाउस साहिबाबाद के एक मकान में मकान मालिक के परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 34190 रुपए, एक पैन कार्ड और एक पासपोर्ट स्लिप बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 अगस्त को दिलदार पुत्र मुरसलीन निवासी नीलमणि कलोनी थाना साहिबाबाद ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर पर किराए पर रहने वाली आयशा पुत्री सलीम ने अपने अन्य साथियों अनस पुत्र अनीश खलील पुत्र शाहिद निशा पत्नी अनीश आदि के साथ मिलकर उसके और उसके परिवार को विश्वास में लेकर खीर में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया था। खीर खाने के बाद वह सभी लोग नशे की हालत में हो गए और उसका फायदा उठाकर उनके घर में रखे हुए सात लाख रुपए चोरी कर ले गए।
इस संबंध में थाना साहिबाबाद में आयशा आदि के खिलाफ एक आपराधिक मुकद्दमा दर्ज किया गया था। आज 23 अगस्त को थाना साहिबाबाद पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी महिला आयशा पुत्री सलीम उम्र 20 साल निवासी नीलमणि कालोनी रॉयल एकेडमी स्कूल के पास न्यू हिंडन विहार को रेलवे अंडरपास बालाजी विहार पुस्ता रोड थाना साहिबाबाद से गिरफ्तार कर लिया। जिसके कब्जे से 34190 रुपए ,एक पैन कार्ड और एक पासपोर्ट स्लिप बरामद हुई है। पुलिस की पूछताछ में आयशा ने बताया कि वह दिलदार के मकान में किराए में रहती है, उसके साथी अनस ने उसे पैसों का लालच देकर बताया कि तेरा मकान मालिक पैसे वाला है और तुझ पर विश्वास भी करता है। तब उसने एक पुढ़िया नशीला पदार्थ लाकर के उसे दिया था और कहा था इसे खाने में मिला देना, जिससे सारे परिवार के लोग बेहोश हो जाएंगे और हमें चोरी करने में आसानी होगी।इसी ध्येय से उसने खीर में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार वालों को खाने को दिया था । जिसे खाने के बाद सभी लोग बेहोश हो गए और उसने अनस और उसके अन्य दो साथियों के साथ मिलकर घर में चोरी की थी। चोरी की रकम में से हिस्सा बांट कर लिया था। अनस पुत्र अनीश ने उसे जो एक हिस्से की रकम दी थी उसमें से ही यह रकम बरामद हुई है।
