मेरठ, ( शांतिदूत न्यूज नेटवर्क ) मेरठ से करीब 20 किमी दूर किठौर के माछरा गांव में बुधवार को अचानक आसमान से गोले गिरने के बाद दहशत फैल गई। कुछ गोले हवा में फटते नजर आए जिसके बाद पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। थाना किठौर पुलिस ने यह जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और उन गोलों को कब्जे में लिया।
क्षेत्राधिकारी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि इन दिनों हिंडन एयरबेस पर आठ अक्तूबर को वायुसेना दिवस पर होने वाले शक्ति प्रदर्शन के लिए अभ्यास किया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह एअरक्राफ्ट हिंडन एअरबेस का रहा होगा। लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि फॉरेंसिंक रिपोर्ट आने के बाद हिंडन एअरबेस के अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, माछरा के रहने वाले रविंद्र त्यागी, सतबीर त्यागी, मुकेश त्यागी व नरेश त्यागी अपने काम में लगे थे। तभी आसमान से गुजर रहे एअरक्राफ्ट से लपटों वाले गोले गिरते देखे गए। दो गोले नरेश व शेखर के मकान पर जा गिरे। गांव के लोगों का कहना है कि गोलों की आवाज काफी तेज थी। गोले गिरने से शेखर की गाड़ी को मामूली नुकसान हुआ है। गोला गिरने से नरेश के मकान के छप्पर में भी आग लग गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद थाना पुलिस की ओर से जिला कंट्रोल रूम को यह सूचना दी गई कि ग्राम माछरा में हवाई जहाज से तेज आवाज के साथ कुछ विस्फोटक सामग्री गिरी। उसके अवशेष से कार व मकान के छप्पर को क्षति पहुंची। जो गोले गिरे, उन पर ‘वार्निंग एक्सप्लोसिव’ लिखा हुआ था।
माछरा गांव के लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से दिन और रात में आसमान में जहाज उड़ते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन बुधवार को अचानक इनमें से दो गोले नीचे आ गिरे जबकि कुछ हवा में ही जलते नजर आए। इसके बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गईं। एसपी देहात राजेश कुमार के मुताबिक, हिंडन एअरबेस के एअरक्राफ्ट के अभ्यास के दौरान ये गोले गलती से आ गिरे हैं। फॉरेंसिक टीम ने इन गोलों के नमूने ले लिए हैं। वहीं डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि आसमान से जली हुई कोई वस्तु गिरने की सूचना उन्हें मिली थी। उसके बाद एसडीएम किठौर से इस बारे में जानकारी मांगी गई। लेकिन एसडीएम को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
फॉरेंसिंक रिपोर्ट आने के बाद हिंडन एअरबेस के अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा
’माछरा गांव में बुधवार को अचानक आसमान से गोले गिरने के बाद दहशत फैल गई। कुछ गोले हवा में फटते नजर आए जिसके बाद पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।
’गांव के लोगों का कहना है कि गोलों की आवाज काफी तेज थी। गोले गिरने से शेखर त्यागी की गाड़ी को मामूली नुकसान हुआ। गोला गिरने से नरेश के मकान के छप्पर में भी आग लग गई।
0 comments:
Post a comment